बंगाल में बदलती सियासी तस्वीर, शुरुआती रुझानों में बीजेपी बहुमत के पार

  • Post By Admin on May 04 2026
बंगाल में बदलती सियासी तस्वीर, शुरुआती रुझानों में बीजेपी बहुमत के पार

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) बहुमत के 148 सीटों के जादुई आंकड़े को पार करती नजर आ रही है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को नुकसान होता दिख रहा है।

राज्य की कुल 294 सीटों में से 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है। दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर मतदान में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने 29 अप्रैल को हुई वोटिंग को रद्द कर दिया था। इस सीट पर अब 21 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा और 24 मई को इसके नतीजे घोषित होंगे।

बंगाल में चुनाव दो चरणों में सम्पन्न हुए थे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को हुआ था। मतगणना के साथ ही राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

इस चुनाव में एक ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपनी सत्ता बचाने के लिए मैदान में हैं, तो दूसरी ओर बीजेपी राज्य में पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की कोशिश में है।

इसके अलावा, दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर हाल ही में पुनर्मतदान भी कराया गया था। चुनाव आयोग ने मतदान के दौरान अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद यह निर्णय लिया था।

हालांकि ये सभी आंकड़े शुरुआती रुझान हैं और अंतिम परिणाम आने तक स्थिति में बदलाव संभव है। राज्य की सत्ता किसके हाथों में जाएगी, इसका फैसला कुछ ही घंटों में स्पष्ट हो जाएगा।