पीलीबंगा सीट पर इस बार भरतराम मेघवाल को मैदान में उतारेगी कांग्रेस
- Post By Admin on Oct 03 2023

हनुमानगढ़: पीलीबंगा सीट पर कब्जा जमाने के लिए कांग्रेस ने इस बार पार्टी के दिग्गज चेहरे के रूप में पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल पर दाव लगाने की तैयारी की है। जानकारी मिली है कि नहरी किसान बाहुल्य पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का कैडर वोट बैंक मजबूत होने के बावजूद पार्टी को इस सीट पर लगातार दो बार हार का सामना करना पड़ा है। इसलिए अबकी चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी का चयन में गंभीरता बरती जा रही है। पार्टी की रणनीतिकारी टीम का लक्ष्य है कि कांग्रेस के इस मजबूत चेहरे को मैदान में उतारा जाए जो भाजपा को शिकस्त दे सके। हालांकि इस सीट पर कांग्रेस टिकट के लिए कई दावेदारों के नाम सामने आए हैं, लेकिन पार्टी की रणनीति टीम का फोकस भरतराम मेघवाल पर है, जो कांग्रेस के प्रभावशाली दिग्गज नेता हैं।
पिछले दो चुनावों के इतिहास पर नजर डालते हुए, अजा वर्ग के लिए आरक्षित पीलीबंगा सीट पर साल 2013 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की द्रोपती मेघवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी विनोद गोठवाल को दस हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। इसके बाद साल 2018 के चुनावों में भी कांग्रेस के विनोद गोठवाल पर दाव लगाया गया, लेकिन भाजपा के धमेन्द्र कुमार मोची ने उन्हें हरा दिया। हैरानी की बात यह है कि भाजपा में बगावत के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी विनोद गोठवाल यह सीट नहीं जीत सके। इसी वजह से कांग्रेस रणनीतिकारों ने पीलीबंगा सीट को अपनी प्रतिष्ठापूर्ण सीटों में शामिल किया है। हाल ही में किए गए चुनावी सर्वे में भी कांग्रेस को पीलीबंगा सीट पर बढ़त की संकेत मिल रही है, इसलिए कांग्रेस जीताने के लिए भरतराम मेघवाल को पार्टी टिकट देने की तैयारी कर रही है।
सियासी विश्लेषकों का मानना है कि भरतराम मेघवाल की गहरी संघर्षशील छवि और प्रभावशाली नेतृत्व की वजह से भाजपा को कड़ी टक्कर मिल सकती है। उनका क्षेत्र के लोगों में सीधा जुड़ाव है जिससे कांग्रेस को सीधी पकड़ और क्षेत्र में मजबूत जनाधार का फायदा भी हो सकता है। भरतराम मेघवाल 2009 में गंगानगर लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं और उनका गहरा सियासी जुड़ाव राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में भी है। इसलिए पीलीबंगा विधानसभा सीट पर जनमानस में भरतराम मेघवाल के लिए जोश देखने को मिल रहा है।