जेडीयू ओरिएंटेशन बैठक : अनिवार्य मौजूदगी के बीच नहीं पहुंचे अनंत सिंह, मंत्री जमा खान ने दी सफाई
- Post By Admin on Sep 18 2026
पटना : पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश मुख्यालय के कर्पूरी सभागार में पार्टी के विधायकों और विधान पार्षदों का एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस अहम बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहे हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के दौरान नीतीश कुमार और मंत्री निशांत कुमार एक ही मंच पर साथ नजर आए, जिसने राजनीतिक गलियारों में सबका ध्यान खींचा।
इस प्रशिक्षण शिविर में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री श्रवण कुमार सहित संगठन के तमाम शीर्ष नेता मौजूद रहे। पूरे दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में संसदीय कार्यप्रणाली के विशेषज्ञों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। सत्र के दौरान जनप्रतिनिधियों को विधायी जिम्मेदारियों, सदन संचालन के नियमों, जनसमस्याओं को पटल पर रखने के तौर-तरीकों, कानून निर्माण की बारीकियों, विधायी सुधारों के साथ-साथ बजट और राज्य की अर्थव्यवस्था जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
सभी विधायकों और पार्षदों की अनिवार्य उपस्थिति के निर्देशों के बावजूद मोकामा विधायक अनंत सिंह के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने से सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। अनंत सिंह की अनुपस्थिति को लेकर उठ रहे सवालों पर जेडीयू कोटे से मंत्री जमा खान ने विराम लगाने का प्रयास किया। जमा खान ने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी भी प्रकार की कोई नाराजगी नहीं है और ऐसी बातें केवल बाहर के लोग फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं से सीखने की यह एक सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया है। वहीं, राज्य के नेतृत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने निशांत कुमार की सक्रिय भूमिका का भी समर्थन किया।