प्रशांत किशोर का नीतीश कुमार पर तीखा हमला, बोले- सरकार के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की बात माननी बंद कर दी है
- Post By Admin on Sep 13 2024

पटना : जन सुराज के शिल्पकार प्रशांत किशोर ने कटिहार में जन संवाद के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज बिहार में मुख्यमंत्री की स्थिति ऐसी हो गई है कि ना तो दरोगा, ना इंस्पेक्टर, ना शिक्षक और ना ही बैंक उनकी बात सुनते हैं।
प्रशांत किशोर ने बिहार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आज बिहार से पूँजी और श्रम का निर्यात हो रहा है, जबकि राज्य की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासनकाल में बिहार से कपास और नील (इंडिगो) का निर्यात इंग्लैंड में फैक्ट्रियों के लिए किया जाता था, और फिर वहां से बने उत्पादों को ऊंचे दामों पर बिहार में बेचा जाता था। आज भी स्थिति कुछ वैसी ही है, जहां बिहार से पूँजी और श्रम दूसरे राज्यों में जा रहे हैं, और वहां की फैक्ट्रियों से बने उत्पादों को बिहार में महंगे दामों पर बेचा जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि बिहार के बैंकों द्वारा जमा पूँजी तमिलनाडु और गुजरात जैसे राज्यों को दी जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप बिहार के मजदूरों को इन राज्यों में जाकर काम करना पड़ रहा है। अगर बिहार के बैंक और सरकार इस पूँजी को बिहार में निवेश करतीं, तो हर साल लगभग 2 लाख करोड़ का अतिरिक्त निवेश राज्य में होता, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर पैदा होते और लोगों को पलायन नहीं करना पड़ता।
प्रशांत किशोर के इस बयान ने नीतीश कुमार की सरकार की कार्यशैली और बिहार की आर्थिक नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।