बिहार MLC चुनाव: जन सुराज के 5 उम्मीदवारों के नाम फाइनल, जानिए किसे कहां से मिला टिकट
- Post By Admin on Sep 20 2026
पटना : आगामी बिहार विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने ताल ठोकते हुए पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में दांव आजमाने जा रही पार्टी ने अपनी पहली सूची में दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक सीट से रजनीश रंजन के नाम पर मुहर लगाई है, जबकि शेष तीन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों का फैसला अगले चरण में किया जाएगा।
उम्मीदवारों की घोषणा के दौरान प्रशांत किशोर ने चयन प्रक्रिया का ब्योरा साझा करते हुए स्पष्ट किया कि सभी नाम कार्यकर्ताओं से गहन विचार-विमर्श और स्थानीय स्तर से मिले फीडबैक के आधार पर तय किए गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों और संभावित प्रत्याशियों से सीधे संवाद के बाद पार्टी की कोर कमेटी में हर नाम पर लंबी चर्चा हुई। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि प्रत्येक सीट पर उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने के लिए कोर कमेटी में करीब पांच-पांच घंटे तक मंथन किया गया। फिलहाल पटना स्नातक सीट पर किसी एक नाम पर आम सहमति नहीं बन सकी है, जिस पर मंथन अभी जारी है।
प्रेस वार्ता में प्रशांत किशोर ने शिक्षकों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि शिक्षक वर्ग पिछले कई वर्षों से सरकार से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने सभी शिक्षक संघों को एकजुट कर एक साझा संघर्ष समिति बनाने का आह्वान किया। साथ ही सातवां वेतनमान लागू कराने, वित्तरहित-वित्तपोषित की विसंगति समाप्त करने और शिक्षकों को गैर-शिक्षण कार्यों से मुक्त रखने की मांग को मार्च से पहले हल कराने का संकल्प दोहराया। स्नातक और शिक्षक मतदाताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे मतदाताओं को बांकीपुर की तर्ज पर जातिगत बंधनों से ऊपर उठकर वोट करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बांकीपुर में किए गए 10 हजार नौकरियों के वादे को हर क्षेत्र में दोहराने की बात कही।
बिहार विधान परिषद की इन सीटों पर मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है, क्योंकि मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) भी पहले ही छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर चुका है। राजद की ओर से पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक सीट से डॉ. रश्मि विनायक गौतम मैदान में हैं। जन सुराज के आठ सीटों पर चुनाव लड़ने के स्पष्ट ऐलान के बाद शिक्षक और स्नातक कोटे के इस चुनाव में मुकाबला बहुकोणीय होने के पूरे आसार बन गए हैं।