नीरज कुमार को झटका! अनंत सिंह ने MLC चुनाव में अनुज सिंह का किया समर्थन
- Post By Admin on Sep 04 2026
पटना : बिहार में विधान परिषद चुनाव की सरगर्मी के बीच मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह के एक बयान ने सियासी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज कर दी है। अनंत सिंह ने आगामी एमएलसी चुनाव में अनुज सिंह के समर्थन का ऐलान किया है। उनके इस रुख से मौजूदा जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार को लेकर राजनीतिक हलकों में नए सवाल खड़े हो गए हैं।
अनंत सिंह बेढ़ना पहुंचे थे, जहां उनके समर्थक भी मौजूद थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जो उनके साथ रहेगा, वे भी उसका साथ देंगे। इसी क्रम में उन्होंने अनुज सिंह को हर स्तर पर समर्थन देने की बात स्पष्ट की। अनंत सिंह ने दावा किया कि 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके समर्थक अनुज सिंह के पक्ष में खड़े रहेंगे। उनके इस बयान के बाद चुनाव को लेकर सियासी चर्चाओं और संभावित समीकरणों पर अटकलें तेज हो गई हैं। अनंत सिंह का बयान इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मोकामा और बाढ़ क्षेत्र में उनका लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव रहा है। ऐसे में किसी उम्मीदवार के पक्ष में उनका खुलकर समर्थन देना चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। उनके द्वारा अनुज सिंह के समर्थन की घोषणा को मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार के लिए राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनाव की तैयारियां तेज हैं। इन सीटों पर मौजूदा विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाला है। इनमें चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। चुनाव की प्रक्रिया को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। कार्यकाल पूरा होने वाली आठ सीटों में तीन पर निर्दलीय विधान पार्षद हैं, जबकि दो सीटों पर भाजपा के सदस्य हैं। इसके अलावा कांग्रेस, भाकपा और जदयू के एक-एक विधान पार्षद का कार्यकाल भी समाप्त होगा। ऐसे में मौजूदा सदस्यों के सामने दोबारा चुनाव जीतकर विधान परिषद पहुंचने की चुनौती होगी। उन्हें संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं का समर्थन हासिल करना होगा।