बंगाल की राजनीति में नया मोड़, ओवैसी की पार्टी ने हुमायूं कबीर से तोड़ा गठबंधन

  • Post By Admin on Apr 10 2026
बंगाल की राजनीति में नया मोड़, ओवैसी की पार्टी ने हुमायूं कबीर से तोड़ा गठबंधन

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में चुनाव से पहले हलचल तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने बड़ा फैसला लेते हुए हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ अपना गठबंधन समाप्त कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि अब वह राज्य में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और आगामी चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी।

एआईएमआईएम ने सोशल मीडिया मंच के माध्यम से जारी बयान में कहा कि हुमायूं कबीर से जुड़े हालिया खुलासों के बाद पार्टी उनके साथ संबंध जारी नहीं रख सकती। बयान में कहा गया कि ऐसे किसी भी वक्तव्य या गतिविधि से दूरी बनाना जरूरी है, जिससे मुस्लिम समुदाय की गरिमा पर सवाल उठे। पार्टी का कहना है कि बंगाल में मुसलमान समाज लंबे समय से आर्थिक और सामाजिक रूप से उपेक्षित रहा है और एआईएमआईएम का उद्देश्य हाशिए पर पड़े समुदायों को स्वतंत्र राजनीतिक आवाज देना है।

दरअसल यह विवाद एक कथित वीडियो सामने आने के बाद शुरू हुआ। तृणमूल कांग्रेस ने प्रेस वार्ता कर एक वीडियो जारी किया, जिसमें हुमायूं कबीर को कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं के साथ बैठकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनाव में हराने की रणनीति बनाते हुए दिखाया गया है। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि हुमायूं कबीर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें सुवेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा शामिल हैं, के संपर्क में थे। पार्टी ने यह भी दावा किया कि ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने के लिए लगभग एक हजार करोड़ रुपए की बड़ी सौदेबाजी हुई, जिसमें से दो सौ करोड़ रुपए अग्रिम के रूप में दिए जाने की बात कही गई है। तृणमूल कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय से कराने की मांग की है।

वहीं हुमायूं कबीर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि वायरल वीडियो वास्तविक नहीं है, बल्कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने भी तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि चुनावी माहौल में माहौल खराब करने के लिए ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं।