सेहत के दुश्मन हैं ये पैकेज्ड स्नैक्स : इन 5 खतरनाक तत्वों से रहें सावधान, खरीदने से पहले जरूर पढ़ें लेबल
- Post By Admin on Jul 25 2025

नई दिल्ली : बाजार में मिलने वाले रंग-बिरंगे और स्वादिष्ट पैकेज्ड स्नैक्स बच्चों से लेकर बड़ों तक की पहली पसंद बन चुके हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन लुभावने स्नैक्स के अंदर छिपे हैं ऐसे खतरनाक रसायन, जो आपकी सेहत पर गंभीर असर डाल सकते हैं? स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो ये उत्पाद सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि कई बीमारियों का खतरा भी परोस रहे हैं।
विशेषज्ञों ने पैकेज्ड स्नैक्स में पाई जाने वाली 5 ऐसी खतरनाक सामग्रियों की पहचान की है, जिन्हें नजरअंदाज करना सेहत के लिए घातक हो सकता है—
माल्टोडेक्सट्रिन:
यह सफेद पाउडरनुमा कार्बोहाइड्रेट रक्त में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ा सकता है। मधुमेह के मरीजों के लिए यह बेहद खतरनाक है।
आर्टिफिशियल बटर फ्लेवर:
सस्ता और स्वाद बढ़ाने वाला यह फ्लेवर ट्रांस फैट से भरपूर होता है, जिससे दिल की बीमारियां और मोटापा हो सकता है।
मॉडिफाइड फूड स्टार्च:
आलू या मक्का से बनाए जाने वाले इस स्टार्च को रासायनिक रूप से बदला जाता है, जिससे पोषण घटता है और रसायन शरीर को नुकसान पहुंचाते हैं।
सोडियम नाइट्राइट:
यह एक संरक्षक है, जो स्नैक्स को लंबे समय तक ताजा रखने में मदद करता है, लेकिन इसके सेवन से कैंसर, पेट में जलन और उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
पोटेशियम ब्रोमेट:
यह तत्व स्नैक्स को कुरकुरा और आकर्षक बनाता है, लेकिन पाचन तंत्र पर बुरा असर डालता है और गैस्ट्रिक समस्याएं पैदा कर सकता है।
विशेष चेतावनी:
खाद्य विशेषज्ञों और डॉक्टरों की सलाह है कि बाजार से किसी भी पैकेज्ड उत्पाद को खरीदने से पहले उसका लेबल जरूर पढ़ें और उसमें मौजूद सामग्रियों की जांच करें। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को इन उत्पादों से दूर रखना जरूरी है।
स्वस्थ विकल्प:
ताजा, घरेलू और कम रासायनिक खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दें। समय और सुविधा के नाम पर सेहत से समझौता करना आने वाले समय में भारी पड़ सकता है।