मिशन एड्स सुरक्षा में लखीसराय की प्रगति, प्रथम 95 लक्ष्य बढ़कर 75 प्रतिशत पहुंचा

  • Post By Admin on Jun 06 2026
मिशन एड्स सुरक्षा में लखीसराय की प्रगति, प्रथम 95 लक्ष्य बढ़कर 75 प्रतिशत पहुंचा

लखीसराय : मिशन एड्स सुरक्षा के तहत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा को लेकर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक भारती की अध्यक्षता में मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ICTC, PPTCT, STD, F-ICTC, RNTCP, TI-परिधि भारती एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के कार्यक्रम समन्वयकों, परामर्शियों और प्रयोगशाला प्रावैधकों ने भाग लिया।

बैठक में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा निर्धारित 95:95:99 लक्ष्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रथम 95 लक्ष्य की उपलब्धि पिछले माह के 67.7 प्रतिशत से बढ़कर इस माह 75 प्रतिशत हो गई है, जो जिले के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि नवंबर 2026 तक प्रथम 95 लक्ष्य को 95 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए और अधिक प्रभावी माइक्रोप्लान तैयार करने की आवश्यकता है। वहीं, द्वितीय 95 लक्ष्य में अपेक्षित प्रगति नहीं देखी गई, जबकि तृतीय 99 लक्ष्य में लगभग एक प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए और अधिक सक्रियता तथा समर्पण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में सभी ICTC परामर्शियों को SOCH पोर्टल पर प्रत्येक क्लाइंट की शत-प्रतिशत और समयबद्ध डेटा प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस कार्य को सुगम बनाने के उद्देश्य से बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS) द्वारा सभी ICTC कर्मियों को एयरटेल वाई-फाई डिवाइस उपलब्ध कराया गया है, ताकि इंटरनेट संबंधी बाधाओं के बिना पोर्टल पर नियमित डेटा अपलोड किया जा सके। बैठक में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. कुमार अमित, जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई के पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद रॉय, जिला पर्यवेक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार लाल, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक तथा जिला लेखा सहायक मनोरंजन कुमार सहित सभी प्रखंड स्वास्थ्य केंद्रों के प्रयोगशाला प्रावैधिक उपस्थित रहे।