कृमि मुक्ति अभियान में लखीसराय स्वास्थ्य विभाग ने हासिल की 93% सफलता, लाखों बच्चों को दी गई दवा

  • Post By Admin on Apr 13 2025
कृमि मुक्ति अभियान में लखीसराय स्वास्थ्य विभाग ने हासिल की 93% सफलता, लाखों बच्चों को दी गई दवा

लखीसराय : जिले में बच्चों और किशोरों को कृमि से मुक्त रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सजग नजर आ रहा है। मार्च महीने में चलाए गए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत लखीसराय में लक्ष्य के मुकाबले 93 प्रतिशत बच्चों और युवाओं को एल्बेंडाजोल की दवा दी गई। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. विनोद प्रसाद सिन्हा ने दी।

उन्होंने बताया कि एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों व किशोरों को कृमि नियंत्रण हेतु एल्बेंडाजोल दवा दी गई। इस वर्ष 4 मार्च को राष्ट्रीय कृमि दिवस और 7 मार्च को मॉप-अप दिवस के रूप में आयोजित अभियान में कुल 6 लाख 20 हजार 834 बच्चों को दवा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।

इसमें 1178 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 3,13,464, 865 सरकारी विद्यालयों के लिए 2,31,514 और 172 प्राइवेट स्कूलों के लिए 75,856 बच्चों का लक्ष्य तय किया गया। अभियान के अंतर्गत कुल 5,77,956 बच्चों एवं युवाओं को एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई—जिसमें आंगनबाड़ी केंद्रों पर 2,87,508, सरकारी स्कूलों में 2,21,350 और निजी स्कूलों में 69,098 बच्चों को दवा खिलाई गई।

सिविल सर्जन ने इसे स्वास्थ्य विभाग की सजगता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने आमजन से अपील की कि समय-समय पर चलने वाले ऐसे अभियानों में भाग लेकर बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा सुनिश्चित करें।