सर्दियों में बथुआ है बेहद खास, एनीमिया और कब्ज की समस्याओं में रामबाण
- Post By Admin on Dec 31 2025
नई दिल्ली : जैसे ही सर्दियों का मौसम आता है, लोग पौष्टिक और गर्माहट देने वाले भोजन की ओर बढ़ते हैं। ऐसे में बथुआ का नाम अक्सर सबसे पहले लिया जाता है। न सिर्फ इसका स्वाद लाजवाब होता है, बल्कि इसके स्वास्थ्य लाभ भी अद्भुत हैं। आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान दोनों ही इसे सुपरफूड मानते हैं।
बथुआ में विटामिन ए, सी, के और मिनरल्स जैसे आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यह शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है, ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है और सर्दियों में संक्रमण या ठंड से बचाव में मदद करता है।
आयरन से भरपूर होने के कारण बथुआ एनीमिया की समस्या से राहत देता है, जबकि कैल्शियम और मैग्नीशियम हड्डियों को मजबूत बनाए रखते हैं। इसके नियमित सेवन से ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और शरीर में गर्माहट बनी रहती है।
बथुआ त्वचा और बालों के लिए भी लाभकारी है। एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन सी त्वचा को साफ, मुलायम और चमकदार बनाए रखते हैं, दाग-धब्बों और सूजन को कम करते हैं। आयुर्वेद में इसे मुंहासे और अन्य स्किन इन्फेक्शन के उपचार में भी उपयोगी बताया गया है। इसके पेस्ट या रस से बालों की जड़ों को मजबूती मिलती है और रूसी की समस्या कम होती है।
फाइबर से भरपूर बथुआ पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखता है और कब्ज जैसी परेशानियों से राहत देता है। सर्दियों में इसे सब्जी या सूप के रूप में शामिल करने से वात और कफ दोष संतुलित रहते हैं, जिससे शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है और खांसी-जुकाम जैसी सामान्य समस्याओं से बचाव होता है।