एलएनटी कॉलेज में बिहार दिवस पर भाषण और रैली, छात्रों ने बनाया बिहार का नक्शा

  • Post By Admin on Mar 23 2026
एलएनटी कॉलेज में बिहार दिवस पर भाषण और रैली, छात्रों ने बनाया बिहार का नक्शा

मुजफ्फरपुर: जिले स्थित ललित नारायण तिरहुत महाविद्यालय में बिहार दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में भाषण सह रैली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने की।

अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने बिहार के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश प्राचीन काल से ही देश का मान-सम्मान बढ़ाता रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार ने न केवल भारत बल्कि विश्व स्तर पर भी अपनी सांस्कृतिक पहचान स्थापित की है। वैशाली में लोकतंत्र की नींव रखी गई और मंडन मिश्र जैसे विद्वानों ने ज्ञान की परंपरा को समृद्ध किया। उन्होंने सभी से अपने पूर्वजों की विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्रों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। एनएसएस पदाधिकारी डॉ. संतोष कुमार के नेतृत्व में एक जागरूकता रैली निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में पहुंची। रैली के दौरान छात्रों ने बिहार के विकास और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े संदेशों का प्रसार किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब छात्रों ने मिलकर बिहार के नक्शे का जीवंत आकार बनाया और राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने भी छात्रों के साथ सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र कुमार मिश्रा, सुनील कुमार, संध्या, आभा रानी, अर्चना सिंह, विजय कुमार, नीतू, रोमा, लक्ष्मी, फिरोज, एजाज, डॉ. आशा, ममता, ज्योति, कल्याणी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में मृगांक रंजन, पुष्कर सत्यम, कन्हैया, मयंक और बालमुकुंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।