विद्यालयों में शिक्षा के साथ कृषि का भी मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान, समीक्षा बैठक में बनी रणनीति

  • Post By Admin on Jul 06 2026
विद्यालयों में शिक्षा के साथ कृषि का भी मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान, समीक्षा बैठक में बनी रणनीति

लखीसराय : समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में सोमवार को बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन एवं उसके प्रभावी संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र उपस्थिति, संसाधनों के रखरखाव और विद्यालय विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने विद्यालय प्रबंधन समिति के उद्देश्य एवं दायित्वों की जानकारी देते हुए बताया कि समिति विद्यालय में शिक्षा, खेलकूद, अनुशासन, शिक्षकों के कार्य निष्पादन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, चिकित्सा व्यवस्था तथा समग्र संचालन की निगरानी करेगी। इसके अलावा विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का रखरखाव, सामग्री का लेखा-जोखा, भंडार पंजी का संधारण तथा रिक्त पदों की सूचना संबंधित विभाग को उपलब्ध कराना भी समिति की जिम्मेदारी होगी।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने विद्यालय की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। रिपोर्ट में शिक्षकों के नाम एवं पदनाम, विद्यालय में उपलब्ध आधारभूत सुविधाएं, आवश्यकताओं की सूची तथा सुधार संबंधी सुझाव शामिल करने को कहा गया। बैठक में जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 80 प्रतिशत तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस पर मंत्री ने सभी शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को विशेष पहल कर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों में मिट्टी जांच प्रयोगशाला स्थापित करने की दिशा में पहल की जाएगी। जिन विद्यालयों के पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, वहां परिसर के एक-तिहाई हिस्से में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए कृषि वैज्ञानिकों की टीम भी विद्यालयों का मार्गदर्शन करेगी, ताकि छात्रों को पढ़ाई के साथ कृषि का व्यावहारिक ज्ञान भी मिल सके।

बैठक की शुरुआत राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से हुई, जबकि समापन बिहार गीत के साथ किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।