संत मैरिज् इंग्लिश स्कूल में ओणम की धूम, महाबली बने साहिल कुमार ने खींचा ध्यान

  • Post By Admin on Aug 26 2026
संत मैरिज् इंग्लिश स्कूल में ओणम की धूम, महाबली बने साहिल कुमार ने खींचा ध्यान

लखीसराय : स्थानीय संत मैरिज् इंग्लिश स्कूल, सूर्यगढ़ा में ओणम पर्व उत्साह और पारंपरिक रंग के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में केरल की संस्कृति और ओणम की परंपराओं की झलक देखने को मिली। इस दौरान साहिल कुमार महाबली के रूप में सभी के आकर्षण का केंद्र बने।

महाबली के स्वागत में विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक मलयालम नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक परिधानों में सजे शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में केरल की संस्कृति का रंग भर दिया। विद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। चेयर दौड़ में सरिता मैम ने प्रथम स्थान हासिल किया। बिंदी गेम में नीतू मैम विजेता रहीं, जबकि मटकी फोड़ प्रतियोगिता में सत्यम सर ने पहला स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ओणम केरल का प्रमुख पर्व है, जिसे असुरराज महाबली के स्वागत की मान्यता से जोड़ा जाता है। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के अनुसार महाबली के शासनकाल में राज्य में सुख-शांति, समृद्धि और समानता का वातावरण था। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए ओणम का आयोजन किया जाता है।

कार्यक्रम में डायरेक्टर बिजी मैम, प्रधानाचार्य टिजो थॉमस, वाइस प्रिंसिपल रंजू सोमन, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विजय विनीत सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। समारोह में शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।