रामश्रेष्ठ सिंह कॉलेज में शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव निर्विरोध, प्रो. अभय सिंह को मिली जिम्मेदारी

  • Post By Admin on Sep 12 2026
रामश्रेष्ठ सिंह कॉलेज में शिक्षक प्रतिनिधि का चुनाव निर्विरोध, प्रो. अभय सिंह को मिली जिम्मेदारी

मुजफ्फरपुर : रामश्रेष्ठ सिंह महाविद्यालय, चोचहां में शिक्षक प्रतिनिधि के निर्वाचन की प्रक्रिया बिना किसी विवाद के पूरी हो गई। इतिहास विभाग के वरीय शिक्षक प्रो. अभय कुमार सिंह को महाविद्यालय के शिक्षकों ने सर्वसम्मति से अपना प्रतिनिधि चुना। किसी अन्य शिक्षक के नामांकन नहीं होने के कारण उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ।

बीआर अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय की ओर से चुनाव के लिए नियुक्त प्रतिनिधि एवं विज्ञान संकाय की डीन प्रो. रंजना कुमारी की निगरानी में विश्वविद्यालय के नियमों और निर्धारित परिनियमों का पालन करते हुए निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेणु कुमारी ने भी चुनाव की पूरी व्यवस्था पर नजर रखी। निर्वाचन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद प्रो. रंजना कुमारी ने प्रो. अभय कुमार सिंह को शिक्षक प्रतिनिधि चुने जाने की औपचारिक घोषणा की। उनके निर्विरोध निर्वाचन की जानकारी मिलते ही महाविद्यालय के शिक्षकों में प्रसन्नता देखी गई।

नवनिर्वाचित शिक्षक प्रतिनिधि को महाविद्यालय के सचिव आमोद कुमार सिंह, दाता सदस्य विनोद कुमार सिंह, प्रो. इनाम मोहम्मद, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. मनोज कुमार, प्रो. विनोद कुमार राय, प्रो. विमल किशोर चौधरी, डॉ. उमेश कुमार श्रीवास्तव और डॉ. ललन कुमार शर्मा समेत अन्य शिक्षकों ने शुभकामनाएं दीं। कार्यालय सहायक निलेश कुमार ने भी प्रो. अभय कुमार सिंह को बधाई दी।

शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रो. अभय कुमार सिंह शिक्षकों से जुड़े मुद्दों और उनकी समस्याओं को विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएंगे। साथ ही शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने और महाविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज में सकारात्मक योगदान देंगे। चुनाव के दौरान प्रो. अरविंद कुमार ने मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई। उनके सहयोग से निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई।