पिपरिया में डिग्री कॉलेज स्थापना की तैयारी तेज, डीएम ने संभावित भूमि का किया निरीक्षण

  • Post By Admin on Jul 05 2026
पिपरिया में डिग्री कॉलेज स्थापना की तैयारी तेज, डीएम ने संभावित भूमि का किया निरीक्षण

लखीसराय : जिले में डिग्री कॉलेज की स्थापना की दिशा में पहल तेज हो गई है। रविवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने पिपरिया प्रखंड के वलीपुर गांव में डिग्री कॉलेज के लिए चिन्हित दो संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अंचल कार्यालय से शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सबसे पहले वलीपुर उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय के समीप स्थित भूमि का जायजा लिया। उन्होंने स्थल की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। इसके बाद वलीपुर हाई स्कूल के समीप ठाकुरवारी स्थित भूमि का भी निरीक्षण किया तथा दोनों स्थलों की उपयोगिता, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की आवश्यकताओं के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने अंचल कार्यालय को डिग्री कॉलेज स्थापना के लिए शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी ने सैदपुरा पंचायत सरकार भवन, गढ़ी बिशनपुर मध्य विद्यालय तथा गंगा सराय पंचायत सरकार भवन का भी दौरा किया, जहां 7 जुलाई को सहयोग शिविर का आयोजन प्रस्तावित है। उन्होंने शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने तथा आम नागरिकों को बेहतर एवं सुचारू सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, पिपरिया प्रखंड प्रमुख, सैदपुरा पंचायत के मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।