आर. लाल कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर छात्राओं का विरोध, प्राचार्य को सौंपा आवेदन
- Post By Admin on May 22 2026
लखीसराय : आर. लाल कॉलेज, लखीसराय की छात्राओं ने महाविद्यालय में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर आवाज उठाई है। छात्राओं ने प्रभारी प्राचार्य को आवेदन सौंपकर कॉलेज में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
छात्राओं का कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद कई कक्षाओं में पंखा और बिजली की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई कमरों में लाइट खराब रहने के कारण कक्षाओं का संचालन भी बाधित हो रहा है। इसके अलावा शुद्ध पेयजल की कमी, छात्राओं के लिए कॉमन रूम का अभाव तथा शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से विद्यार्थियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। छात्राओं ने मांग की है कि सभी कक्षाओं में पंखा, बिजली और लाइट की व्यवस्थसुनिश्चित की जाए। साथ ही शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए, छात्राओं के लिए कॉमन रूम बनाया जाए तथा पूरे परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए।
छात्रा अलीशा कुमारी ने कहा कि यदि छात्रहित से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो छात्र-छात्राएं आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी। छात्राओं ने उम्मीद जताई कि कॉलेज प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा। इस मौके पर सखी कुमारी, नेहा, मुस्कान, आरती, रोहित समेत अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।