किऊल स्टेशन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत 42 बोतल बीयर के साथ युवक गिरफ्तार
- Post By Admin on Jun 30 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सतर्क' अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 42 बोतल बीयर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद शराब को जब्त कर आरोपी को उत्पाद थाना लखीसराय के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12:20 बजे आरपीएफ के उपनिरीक्षक ललन कुमार सिंह अपनी टीम के साथ किऊल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक प्लास्टिक की बोरी में भारी सामान लेकर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। युवक ने अपनी पहचान अमित कुमार, पिता बालेश्वर यादव, निवासी खगौर, थाना किऊल, जिला लखीसराय के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी प्लास्टिक की बोरी से 500 मिलीलीटर क्षमता वाली कुल 42 बोतल गॉडफादर बीयर बरामद हुई। सभी बोतलों पर 'फॉर सेल इन झारखंड' अंकित था। बरामद बीयर की कुल मात्रा 21 लीटर तथा अनुमानित कीमत 6,300 रुपए बताई गई है।
आरपीएफ ने मौके पर वीडियोग्राफी कर जब्ती सूची तैयार की। गवाह बनने के लिए आसपास मौजूद यात्रियों से अनुरोध किया गया, लेकिन उन्होंने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए मना कर दिया। इसके बाद आरपीएफ के जवानों को ही गवाह बनाकर पूरी कार्रवाई संपन्न की गई। गिरफ्तार युवक, बरामद बीयर और संबंधित दस्तावेजों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना, लखीसराय को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।