ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत ट्रेन से साइकिल चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

  • Post By Admin on Jul 06 2026
ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत ट्रेन से साइकिल चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

लखीसराय : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत किऊल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से साइकिल चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई साइकिल भी बरामद कर ली गई। बाद में उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, लखीसराय भेज दिया गया।

आरपीएफ किऊल के अनुसार, सोमवार को ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अफजल अली को किऊल स्टेशन पर उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के दवहोई थाना क्षेत्र स्थित बिछपुर गांव निवासी रिंकू यादव ने सूचना दी कि उनके बच्चे की एवन कंपनी की साइकिल ट्रेन संख्या 53203 झाझा-दानापुर पैसेंजर से किसी ने उतार ली है। सूचना मिलते ही आरपीएफ जवान ने शिकायतकर्ता के साथ रेलवे परिसर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक युवक को चोरी की गई साइकिल के साथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी रोहित कुमार (25) के रूप में बताई। आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने साइकिल दानापुर जाने वाली ट्रेन से चोरी की थी।

इसके बाद आरोपी और साइकिल को लेकर आरपीएफ ने जीआरपी किऊल को सौंप दिया। पीड़ित रिंकू यादव की लिखित शिकायत के आधार पर जीआरपी किऊल थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5) के तहत कांड संख्या 100/26 दर्ज किया गया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, लखीसराय भेज दिया।