अवैध हथियार के साथ वायरल रील पड़ी भारी, आरोपी पर केस दर्ज

  • Post By Admin on Jul 10 2026
अवैध हथियार के साथ वायरल रील पड़ी भारी, आरोपी पर केस दर्ज

लखीसराय : सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते हुए वायरल हुए वीडियो मामले में लखीसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने वीडियो अपलोड करने वाले युवक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है।

लखीसराय पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 जुलाई को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक वायरल वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए आपत्तिजनक गाने के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करता दिखाई दिया। वीडियो के सत्यापन के लिए सभी थाना क्षेत्रों को निर्देशित किया गया। जांच में यह वीडियो मेदनीचौकी थाना क्षेत्र का पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेदनीचौकी थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने वीडियो अपलोड करने वाले युवक की पहचान मेदनीचौकी थाना क्षेत्र निवासी अमन कुमार, पिता–संजय साव के रूप में की है। आरोपी की गिरफ्तारी तथा वायरल वीडियो में प्रदर्शित देसी कट्टा की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

लखीसराय पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना दंडनीय अपराध है। रील बनाने, लाइक या लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से अथवा किसी के प्रभाव में आकर इस तरह के वीडियो न बनाएं और न ही सोशल मीडिया पर साझा करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।