मद्य निषेध विभाग की कार्यवाई में दो तस्कर गिरफ्तार, शराब की खेप बरामद
- Post By Admin on Jul 01 2026
लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय की टीम ने 30 जून को किऊल थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर दो लोगों को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से करीब 31 लीटर शराब बरामद की। दोनों आरोपितों को जब्त शराब के साथ अग्रिम कार्यवाईके लिए उत्पाद विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।
मद्य निषेध विभाग की ओर से जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार पहली कार्यवाई किऊल स्टेशन परिसर में की गई। यहां खगौर वार्ड संख्या-5 निवासी 27 वर्षीय अमित कुमार को 21 लीटर बीयर के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्यवाई शुरू की गई। वहीं दूसरी कार्यवाई किऊल स्टेशन के उत्तर बहियार क्षेत्र में की गई, जहां खगौर निवासी सुबोध कुमार को 9.9 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब जब्त कर आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के लिए उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया।
मद्य निषेध विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।