बेटिकट यात्रियों पर रेलवे का शिकंजा, किऊल स्टेशन पर वसूला गया 2.59 लाख का जुर्माना
- Post By Admin on Jul 08 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल रेलवे स्टेशन पर बुधवार को ‘ऑपरेशन सहयोग’ के तहत वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने सघन टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बिना टिकट एवं अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टिकट जांच अभियान के दौरान कुल 304 अनधिकृत यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे 2,59,470 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इस विशेष अभियान में वाणिज्य विभाग के 17 टिकट जांचकर्मियों और आरपीएफ के 7 जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। टिकट जांच अभियान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चला और पूरे समय शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों में नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।