लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 18 लोग गिरफ्तार 

  • Post By Admin on Jun 07 2026
लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 18 लोग गिरफ्तार 

लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा 6 जून 2026 को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध चुलाई शराब बेचने और शराब सेवन के आरोप में कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 21.25 लीटर चुलाई शराब भी बरामद की गई।

मद्य निषेध थाना द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार कजरा थाना क्षेत्र के बड़की मुसहरी में कार्रवाई के दौरान तीन महिलाओं को अवैध चुलाई शराब बेचते हुए पकड़ा गया। इनके पास से क्रमशः 2.5 लीटर, 16.75 लीटर एवं 2 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। कुल मिलाकर 21.25 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसके अलावा लखीसराय थाना क्षेत्र के संतार मोहल्ला, साईं मंदिर के समीप, कजरा थाना क्षेत्र के बड़की मुसहरी तथा बड़हिया थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर शराब सेवन के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मद्य निषेध विभाग की टीम ने गिरफ्तार सभी आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध शराब कारोबारियों तथा शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब निर्माण, बिक्री अथवा सेवन की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।