लखीसराय में मद्य निषेध विभाग का एक्शन, शराब और जावा महुआ घोल के साथ पांच गिरफ्तार
- Post By Admin on Jun 04 2026
लखीसराय : जिले में मद्य निषेध विभाग द्वारा 3 जून 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब कारोबार और शराब सेवन के मामलों में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री, चुलाई शराब तथा बीयर बरामद की गई, जबकि कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध थाना द्वारा जारी छापामारी प्रतिवेदन के अनुसार किऊल नदी क्षेत्र से 131 लीटर बीयर बरामद की गई। वहीं कवैया थाना क्षेत्र के संसार पोखर में छापेमारी के दौरान महेंद्र मांझी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 11 लीटर चुलाई शराब एवं 20 किलोग्राम जावा महुआ घोल बरामद किया गया। पीरीबाजार थाना क्षेत्र के बेलदारी गांव में कार्रवाई करते हुए कारोबारी करोलाल बिंद और मुनमा बिंद को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से क्रमशः 3 लीटर और 2.5 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। दोनों पर शराब बेचने और सेवन करने का आरोप है।
इसके अलावा लखीसराय स्टेशन के समीप, बड़हिया थाना क्षेत्र तथा अन्य स्थानों पर शराब सेवन के आरोप में संजीत कुमार, धीरज मांझी, राकेश पासवान और चंदन पासवान को गिरफ्तार किया गया। मद्य निषेध विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से शराबबंदी कानून का पालन करने और अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।