मद्य निषेध विभाग की कार्रवाई, 10 लोगों पर गिरी गाज

  • Post By Admin on Jun 06 2026
मद्य निषेध विभाग की कार्रवाई, 10 लोगों पर गिरी गाज

लखीसराय : जिले में मद्य निषेध अभियान के तहत 5 जून 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर पुलिस ने शराब बेचने और सेवन करने के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान एक व्यक्ति के पास से 6 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई, जबकि नौ अन्य लोगों को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया।

मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार सलोनाचक क्षेत्र में प्रमोद साह को 6 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वह अवैध शराब बेचने के कार्य में संलिप्त था। इसके अलावा लखीसराय थाना क्षेत्र के इंग्लिश मोहल्ला से विकास पासवान और मो. साहेब को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया। वहीं कजरा थाना क्षेत्र के मदनपुर और घोघर घाटी इलाके से राजेश कुमार, चंदन पासवान, सतन कोड़ा तथा कपिल कुमार को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बड़हिया थाना क्षेत्र के इंदुपुर एवं आसपास के इलाकों में भी अभियान चलाया गया, जहां मदन प्रसाद, विक्की कुमार और सुजीत कुमार को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया।

पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।