लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की छापेमारी, अवैध शराब के साथ 13 लोग गिरफ्तार

  • Post By Admin on Apr 05 2026
लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की छापेमारी, अवैध शराब के साथ 13 लोग गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में मद्य निषेध कानून के सख्त पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार और सेवन के आरोप में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपियों के पास से देसी चुलाई शराब भी बरामद की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हलसी थाना क्षेत्र के हलसी गांव में छापेमारी के दौरान गोलू चौधरी को 0.750 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं कवैया थाना क्षेत्र के मां कैलाश नगर में प्रमोद कुमार को 1.200 लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। इसी क्षेत्र में संजीव कुमार उर्फ संजू साव को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

किउल थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में भी कार्रवाई करते हुए संजय यादव और सागर कुमार को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं खगौर गांव में छापेमारी कर आकाश कुमार और सुबोध कुमार को भी मद्यपान के आरोप में हिरासत में लिया गया।

इसके अलावा लखीसराय थाना क्षेत्र के गढ़ी विशनपुर से मो. मुर्तुजा को तथा किउल थाना क्षेत्र के ललू पोखर निवासी बबलू चौधरी को भी शराब सेवन के मामले में पकड़ा गया।

बड़हिया थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए चंदन कुमार, चिंटू कुमार, राजा कुमार उर्फ राहुल कुमार तथा गौरी शंकर कुमार को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी वैशाली जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

मद्य निषेध विभाग की इस कार्रवाई के बाद गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।