पुलिस-एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, जंगल क्षेत्र से राइफल व कारतूस जब्त
- Post By Admin on Apr 09 2026
लखीसराय : लखीसराय पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान हदहदिया पहाड़ से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक लखीसराय के निर्देश पर 08 अप्रैल 2026 को पीरीबाजार थाना तथा एसएसबी की टीम ने संयुक्त रूप से दुर्गम, मणियार और हदहदिया क्षेत्र में लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग के साथ सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान हदहदिया पहाड़ पर पेट्रोलिंग टीम को एक सफेद प्लास्टिक का बोरा मिला। जब बोरे की तलाशी ली गई तो उसमें से हथियार और कारतूस बरामद हुए।
बरामद सामान की सूची तैयार कर उसे जब्त कर लिया गया है। बरामदगी के संबंध में पीरीबाजार थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 09 अप्रैल 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए के अंतर्गत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी अवर निरीक्षक प्रेम कुमार को सौंपी गई है।
छापेमारी के दौरान टीम ने एक पुरानी देशी राइफल, पांच मिसफायर कारतूस( खोखा) तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए। इस अभियान में पीरीबाजार थाना के अवर निरीक्षक कुमार लड्डू तथा सशस्त्र बल के जवानों के साथ 16वीं वाहिनी एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट गोविंद कुमार भी शामिल थे।
लखीसराय पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और जिले में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।