ऑपरेशन यात्री सुरक्षा : किऊल स्टेशन पर चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 10 2026
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा : किऊल स्टेशन पर चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

लखीसराय : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत किऊल रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक जोड़ी पीले धातु जैसी कान की बाली तथा मोबाइल का टूटा हुआ कवर भी बरामद किया गया है।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, दानापुर के निर्देश पर गठित टीम ने निरीक्षक प्रभारी, झाझा पोस्ट के नेतृत्व में किऊल स्टेशन परिसर में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सुबह करीब 5:23 बजे ट्रेन संख्या 18105 से उतरे एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए रोका गया।पूछताछ के दौरान युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मोबाइल किसी ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री से चोरी किया गया था। इसके बाद मौके पर जब्ती सूची तैयार कर मोबाइल जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भागलपुर जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित छोटी साहेबगंज निवासी 20 वर्षीय सौरभ कुमार के रूप में हुई है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। आरपीएफ ने आरोपी को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद जीआरपी किऊल के हवाले कर दिया। सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर जीआरपी किऊल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।