कट्टा लहराकर वीडियो बनाना पड़ा महंगा, एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

  • Post By Admin on Jul 08 2026
कट्टा लहराकर वीडियो बनाना पड़ा महंगा, एक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

लखीसराय : सोशल मीडिया पर दो युवकों द्वारा देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में लखीसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और वीडियो में दिख रहे हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 जुलाई को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें दो युवक हथियार लहराते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे थे। सत्यापन के बाद वीडियो की लोकेशन सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र की पाई गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वायरल वीडियो के आधार पर सूर्यगढ़ा थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच में वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान मुस्कान कुमार उर्फ मुस्की और पियूष कुमार, दोनों निवासी नंदपुर, थाना सूर्यगढ़ा, जिला लखीसराय के रूप में की गई।

पुलिस ने बताया कि मुस्कान कुमार उर्फ मुस्की को पहले से दर्ज मारपीट के एक मामले (कांड संख्या 162/26) में 7 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इस मामले में भी उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, दूसरे आरोपी पियूष कुमार की गिरफ्तारी और वीडियो में प्रदर्शित देसी कट्टा की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। लखीसराय पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना दंडनीय अपराध है। पुलिस ने युवाओं से रील बनाने, वायरल होने या किसी के प्रभाव में आकर हथियारों का प्रदर्शन नहीं करने तथा कानून का पालन करने की अपील की है।