लखीसराय पुलिस को बड़ी सफलता, टॉप-10 में शामिल अपराधी नितेश कुमार गिरफ्तार
- Post By Admin on Jul 03 2026
लखीसराय : लखीसराय पुलिस ने जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल नितेश कुमार उर्फ नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस पर हमला और अवैध बालू खनन से जुड़े मामले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 2 मार्च 2026 को तेतरहाट थाना क्षेत्र के किउल नदी में अवैध बालू खनन के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मौके पर मौजूद वाहन मालिकों एवं चालकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया तथा वाहन लेकर फरार होने का प्रयास किया। इस घटना के संबंध में तेतरहाट थाना कांड संख्या 37/26 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई थी। अब तक इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पर हमले के मामलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 2 जुलाई 2026 को फरार चल रहे जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल नितेश कुमार उर्फ नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान किउल थाना क्षेत्र के लायखचक गांव निवासी उपेंद्र यादव के पुत्र नितेश कुमार उर्फ नीतीश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें तेतरहाट थाना में पुलिस पर हमला एवं अवैध बालू खनन से जुड़ा मामला, किउल थाना में मारपीट एवं अन्य गंभीर धाराओं का मामला तथा वर्ष 2022 में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज मामला शामिल है। इस कार्रवाई में तेतरहाट थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर इंदु उपाध्याय, पुलिस पदाधिकारी रमेश पासवान, तेतरहाट थाना के सशस्त्र बल, डीआईयू तथा एसटीएफ लखीसराय की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।