चानन में अवैध शराब पर बड़ा प्रहार, 3 हजार लीटर जावा महुआ व छह भट्ठियां नष्ट
- Post By Admin on Jul 10 2026
लखीसराय : शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चानन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के भलुई पंचायत अंतर्गत जगुआजोर कोड़ासी गांव में अवैध शराब निर्माण के अड्डे पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 लीटर महुआ देशी शराब, 3,000 लीटर जावा महुआ बरामद कर नष्ट कर दिया, जबकि अवैध शराब बनाने में उपयोग की जा रही छह भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया।
थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार ने बताया कि शराबबंदी को सफल बनाने के लिए जिले में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसआई राजेश कुमार अकेला एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सुरेंद्र टुडू के घर और आसपास के क्षेत्र में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में महुआ शराब बनाने की सामग्री और निर्माणाधीन भट्ठियां बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले शराब निर्माण में संलिप्त आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है तथा शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार चलाया जाएगा।