लखीसराय में शराब के खिलाफ बड़ी कार्यवाई, 10 गिरफ्तार; 182 लीटर से अधिक शराब जब्त

  • Post By Admin on Aug 15 2026
लखीसराय में शराब के खिलाफ बड़ी कार्यवाई, 10 गिरफ्तार; 182 लीटर से अधिक शराब जब्त

लखीसराय : मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम ने 14 अगस्त 2026 को जिले में शराब के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और जांच अभियान चलाया। इस दौरान अशोकधाम एवं किऊल रेलवे स्टेशन से कुल 8 लोगों को पकड़ा गया। इनके पास से 51 लीटर बीयर और 11.490 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं, वाहन जांच के दौरान 120 लीटर देसी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया।

रेलवे जांच के दौरान अशोकधाम रेलवे स्टेशन एवं किऊल रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पंकज कुमार उर्फ पंकज निषाद, शोभा देवी, मंजू देवी और रूबी देवी सहित कुल आठ लोगों को पकड़ा गया। पकड़े गए अन्य लोगों में आशीष, नीरज विश्वकर्मा, अमन और चांदनी शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपी पटना, मुंगेर और बेगूसराय के रहने वाले हैं, जबकि आशीष, नीरज विश्वकर्मा, अमन और चांदनी हरियाणा के पानीपत जिले के निवासी बताए गए हैं।

जांच के दौरान इन आरोपियों के कब्जे से कुल 51 लीटर बीयर और 11.490 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। शराब को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मध निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। इसके अलावा वाहन जांच के क्रम में खैरा मुसहरी, थाना पीरीबाजार, जिला लखीसराय क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। यहां नीतीश कुमार और पप्पू कुमार को पकड़ा गया। दोनों लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इनके कब्जे से 120 लीटर देसी शराब बरामद हुई। साथ ही शराब ढोने में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन को भी जब्त किया गया।

मद्य निषेध थाना की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और मध निषेध विभाग द्वारा जिले में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।