लखीसराय में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 गिरफ्तार
- Post By Admin on Jul 12 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। 11 जुलाई 2026 को उत्पाद थाना की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए शराब बेचने और सेवन करने के आरोप में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान महुआ शराब, जावा महुआ, विदेशी शराब तथा एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया।
उत्पाद विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर ठाकुरबाड़ी में छापेमारी के दौरान बन्नू बगीचा निवासी मिथुन कुमार राम को 30 लीटर चुलाई शराब और एक दोपहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं हलसी थाना क्षेत्र के बरहारा गांव में पूजा देवी के कब्जे से 300 किलोग्राम जावा महुआ और 3.5 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। इसी गांव के संजीत कुमार और सुरज कुमार को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
बड़हिया स्टेशन क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान बेगूसराय जिले के जगतपुरा निवासी केशव कुमार को 6 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा बिशपुर निवासी रोशन कुमार तथा वैशाली जिले के भगवानपुर और रामपुर जुझारपुर के निवासी संतोष कुमार, राज किशोर साह, सुजीत कुमार और सचिन कुमार को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग ने बताया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।