ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में बड़ी कार्रवाई, किऊल स्टेशन पर 4 चोरी के मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Aug 15 2026
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में बड़ी कार्रवाई, किऊल स्टेशन पर 4 चोरी के मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल पोस्ट की रेलवे सुरक्षा बल टीम ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत कार्रवाई करते हुए चार चोरी के मोबाइल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को बरहिया कैंपिंग स्टाफ में तैनात प्रधान आरक्षी राकेश शर्मा और आरक्षी सूर्यदेव कुमार यात्री सामान की चोरी की रोकथाम के लिए स्टेशन क्षेत्र में जांच कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1:10 बजे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ के दौरान वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और यात्रा से संबंधित टिकट भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग कंपनियों के चार मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर ट्रेन में एक यात्री से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरपीएफ टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोपहर 1:30 बजे तलाशी सह जब्ती सूची तैयार कर चारों मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इसके बाद दोपहर 1:40 बजे गिरफ्तारी ज्ञापन तैयार कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान त्रिलोकी कुमार (39), पिता अशोक चौधरी, निवासी बड़ी खगौल चिक टोली, थाना खगौल, जिला पटना के रूप में हुई है।

मौके की कार्रवाई पूरी करने के बाद प्रधान आरक्षी राकेश शर्मा, रेलवे सुरक्षा बल किऊल द्वारा दिए गए शिकायत पत्र के आधार पर राजकीय रेल पुलिस बरहिया में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की आगे की कार्रवाई और प्रगति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। आरपीएफ की इस कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।