लखीसराय में मद्य निषेध अभियान तेज, अलग-अलग स्थानों से आठ शराबी गिरफ्तार
- Post By Admin on Jul 02 2026
लखीसराय : जिले में मद्य निषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 1 जुलाई 2026 को मद्य निषेध थाना पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर शराब सेवन के आरोप में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा जारी छापामारी प्रतिवेदन के अनुसार, साईं मंदिर के समीप से शेखपुरा जिले के एकसारी निवासी मोहम्मद शमसाद तथा लखीसराय के बड़ी दरगाह निवासी मोहम्मद सद्दाम को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया। वहीं, अमहरा थाना क्षेत्र के भेनौरा गांव से मिंटू चौधरी को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा बड़हिया थाना क्षेत्र के बीयर चौक से नालंदा निवासी राजीव राम तथा जमुई जिले के मलयपुर और मुसहरी टांड़ निवासी जितेंद्र कोड़ा उर्फ जीतो कोड़ा एवं विजय कोड़ा को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद थाना बड़हिया के समीप चलाए गए अभियान में नवादा जिले के केंदुआ निवासी कुमार सानू उर्फ कुमार मांझी तथा बेगूसराय जिले के दुगरी निवासी मोहम्मद शमशेर को भी शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया।
मद्य निषेध थाना पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।