लखीसराय में शराबबंदी अभियान जारी, तीन धंधेबाज सहित दो शराबी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 06 2026
लखीसराय में शराबबंदी अभियान जारी, तीन धंधेबाज सहित दो शराबी गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उत्पाद विभाग की ओर से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 5 जुलाई को विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाई में अवैध शराब के साथ तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब के सेवन के आरोप में दो लोगों को भी पकड़ा गया।

उत्पाद विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, किऊल स्टेशन क्षेत्र में छापेमारी के दौरान शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के मालदह निवासी रोहित कुमार के पास से 6 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। वहीं, झारखंड के गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र के इंदरडीह निवासी सूरज कुमार चौधरी को 10.8 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा कजरा थाना क्षेत्र के आजाद नगर मुसहरी में छापेमारी के दौरान स्थानीय निवासी रामबालक मांझी को 3 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद विभाग ने अलग-अलग कार्रवाई में मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी ललन झा तथा कौशल कुमार झा को शराब के सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। उत्पाद विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।