बैंक ऋण वसूली अभियान के तहत देर रात छापेमारी, तीन गिरफ्तार
- Post By Admin on May 21 2026
लखीसराय : बिहार ग्रामीण बैंक द्वारा चलाए जा रहे विशेष ऋण वसूली अभियान के तहत जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में तीन ऋणियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई बैंक ऋण की अदायगी सुनिश्चित करने तथा जानबूझकर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले डिफॉल्टर ऋणियों के विरुद्ध की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीरीबाजार थाना पुलिस ने बुधवार देर रात करीब 12:20 बजे शाखा अभयपुर से संबंधित तीन ऋणी — राजीव कुमार रंजन, सुभाष चंद्र सिंह एवं कौशल कुमार — को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी को संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी लखीसराय रवि कुमार के समक्ष उनकी पेशी कराई गई। पेशी के दौरान तीनों ऋणियों ने बैंक की बकाया ऋण राशि जमा कर दी, जिसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।
इस संबंध में लखीसराय जिला के डीओसीसी जफर इकबाल ने बताया कि बैंक ऋण लेकर जानबूझकर किस्त या बकाया राशि जमा नहीं करने वाले ऋणियों के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिद्दी एवं डिफॉल्टर ऋणियों के खिलाफ बॉडी वारंट सहित कानूनी कार्रवाई कर ऋण राशि की वसूली सुनिश्चित की जाएगी। जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी रवि कुमार ने सभी ऋणियों से समय पर ऋण अदायगी करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने पर भविष्य में कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।