लखीसराय में शराब तस्करों पर मद्य निषेध पुलिस का शिकंजा, तीन थाना क्षेत्रों से चार गिरफ्तार
- Post By Admin on Sep 06 2026
लखीसराय : जिले में मद्य निषेध कानून को पूरी सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से उत्पाद पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। 05 सितंबर 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने किऊल, कजरा और हलसी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी व देशी चुलाई शराब, कच्चा जावा महुआ घोल और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए हैं। इस दौरान मौके से चार धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, पहली कार्रवाई किऊल स्टेशन परिसर के समीप की गई, जहाँ से लावारिस हालत में 15.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसके बाद कजरा थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर-पोखरामा रोड पर घेराबंदी कर मानिकपुर थाना क्षेत्र के मौलानगर निवासी राकेश कुमार, पिता- अशोक साव को रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके पास से 40 लीटर चुलाई शराब तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
कार्रवाई के इसी क्रम में ई-रिक्शा के जरिए शराब की खेप ले जा रहे दो अन्य धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर वार्ड संख्या-01 निवासी ई-रिक्शा चालक राजीव कुमार, पिता- त्रिवेणी तांती और राहुल कुमार, पिता- जीतन साव के रूप में हुई। इनके पास से 2 लीटर चुलाई शराब और तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त किया गया।
वहीं, हलसी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-09 में की गई छापेमारी के दौरान स्थानीय निवासी अशोक चौधरी, पिता- स्वर्गीय अर्जुन चौधरी को पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.250 लीटर चुलाई शराब और शराब निर्माण के लिए तैयार रखा गया 60 किलोग्राम जावा महुआ घोल बरामद कर नष्ट किया। मद्यनिषेध विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।