लखीसराय में बीयर और चुलाई शराब के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार, दो धंधेबाज फरार
- Post By Admin on Sep 05 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मद्य निषेध थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर भारी मात्रा में बीयर और देसी चुलाई शराब बरामद की है। अभियान के तहत एक महिला धंधेबाज और शराब का सेवन करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।
मद्य निषेध विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई किऊल रेलवे स्टेशन पर की गई। यहां पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र स्थित गंगाबिगहा, वार्ड संख्या 06 निवासी खुशबु देवी, पति- रामउचित यादव को 9 लीटर बीयर के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। महिला ट्रेन अथवा स्टेशन परिसर के रास्ते शराब की खेप खपाने की फिराक में थी।
वहीं दूसरी कार्रवाई सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर सूर्य मंदिर के समीप की गई। पुलिस टीम को देखकर शराब तस्कर मौके से भाग निकले। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से 30 लीटर अवैध चुलाई शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की। फरार आरोपियों की पहचान किऊल थाना क्षेत्र के बसमतिया निवासी अनन्त यादव, पिता- रामाशीष यादव और सूर्यगढ़ा के नवाबगंज निवासी अंकुश कुमार, पिता- शिवालक यादव के रूप में हुई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
तीसरी कार्रवाई कबैया थाना क्षेत्र के बड़ी कबैया, जोरा मंदिर के समीप में की गई, जहां से पुलिस ने शराब का सेवन करने के आरोप में अमरेश कुमार, पिता- दशरथ राम को गिरफ्तार किया। मद्य निषेध पुलिस ने सभी मामलों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।