लखीसराय पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त छापेमारी, दो लग्जरी वाहनों समेत भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त

  • Post By Admin on Sep 08 2026
लखीसराय पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त छापेमारी, दो लग्जरी वाहनों समेत भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त

लखीसराय : जिले में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे छापेमारी अभियान के तहत 07 सितंबर 2026 को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है, साथ ही शराब तस्करी में संलिप्त चार तस्करों को गिरफ्तार करते हुए दो लग्जरी वाहन भी जब्त किए गए हैं।

पहली बड़ी कार्रवाई लखीसराय बाईपास रोड स्थित धर्मरायचक मोड़ के समीप थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने बांका जिले के कटहरा (जलेबियांमोड़) निवासी बमभोला यादव (पिता-पनेश्वर यादव), सुईया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-11 निवासी मोकीम अंसारी (पिता-बकरीद मियां) और बांका थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी दिलीप कुमार (पिता-रौशन यादव) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से कुल 541.740 लीटर विदेशी शराब (मोकीम अंसारी के पास से 79.140 लीटर तथा दिलीप कुमार के पास से 462.600 लीटर) बरामद की। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक बोलेरो और एक स्कॉर्पियो (एस11) वाहन को भी जब्त किया गया है।

दूसरी कार्रवाई नूनगढ़ चेकपोस्ट, थाना-तेतरहाट के पास की गई, जहां चेकिंग के दौरान समस्तीपुर जिले के बंगरा (एनएच-28) थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबौली राम निवासी दीपक कुमार (पिता-जयलाल राम) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 00.700 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मद्य निषेध विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।