लखीसराय में शराब तस्करों पर गिरी मद्य निषेध विभाग की गाज, 7 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
- Post By Admin on Sep 03 2026
लखीसराय : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से लखीसराय पुलिस और मद्य निषेध विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 2 सितम्बर 2026 को मद्य निषेध थाना लखीसराय की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी कर शराब कारोबार में संलिप्त 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में देशी व विदेशी शराब, जावा महुआ तथा परिवहन में प्रयुक्त एक बाइक और एक टेम्पू भी जब्त किया है।
हलसी थाना क्षेत्र के भनपुरा गाँव के वार्ड संख्या 11 में की गई छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। इसमें पहली आरोपी पूजा देवी, पति जोगेन्द्र चौधरी, के पास से 2 लीटर चुलाई देशी शराब एवं 4 किग्रा जावा महुआ बरामद किया गया। वहीं इसी स्थान से दूसरे आरोपी धर्मेन्द्र चौधरी, पिता फोनु चौधरी, के पास से 3.5 लीटर चुलाई शराब और 10 किग्रा जावा महुआ जब्त हुआ। सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर शहीद द्वार के पास चलाए गए चेकिंग अभियान में सचिन कुमार, पिता तारणी यादव, निवासी बिलौरी वार्ड 11, को गिरफ्तार किया गया। इसके पास से 5 लीटर चुलाई शराब और 1 मोटरसाइकिल जब्त की गई।
लखीसराय रेलवे स्टेशन के समीप मद्य निषेध टीम ने जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के काबर कला निवासी दो तस्करों को दबोचा। इनमें सोनू कुमार, पिता रंजन पासवान, के कब्जे से 20 लीटर चुलाई शराब बरामद हुई, जबकि अविनाश कुमार, पिता सुरेन्द्र पासवान, के पास से 30 लीटर चुलाई शराब पाई गई। बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्पाद थाना बड़हिया के पास की गई कार्रवाई में बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र स्थित असुरारी वार्ड 08 निवासी दो तस्करों रवि कुमार, पिता स्व. मुकेश सिंह, और गुलशन कुमार, पिता शंकर सिंह, को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों के पास से 105.840 लीटर विदेशी शराब और 1 टेम्पू जब्त किया गया।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 105.840 लीटर विदेशी शराब, 60.5 लीटर चुलाई शराब, 14 किग्रा जावा महुआ, 1 मोटरसाइकिल और 1 टेम्पू जब्त करते हुए कुल 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। मद्य निषेध विभाग के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।