अवैध बालू बिक्री की शिकायत पर स्टॉक यार्ड की जांच, CCTV नहीं मिलने पर लाइसेंसधारी को नोटिस

  • Post By Admin on Sep 02 2026
अवैध बालू बिक्री की शिकायत पर स्टॉक यार्ड की जांच, CCTV नहीं मिलने पर लाइसेंसधारी को नोटिस

लखीसराय : जिले के चानन थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर मौजा स्थित प्रमोद तांती के बालू स्टॉक यार्ड में अवैध रूप से बालू बिक्री किए जाने की शिकायत पर जिला प्रशासन ने निरीक्षण कराया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर की गई जांच के दौरान स्टॉक यार्ड में CCTV कैमरे की व्यवस्था नहीं मिली।

CCTV नहीं पाए जाने के मामले में लाइसेंसधारी प्रमोद तांती को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद लाइसेंसधारी की ओर से कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद जिला पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित आईडी को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।

प्रशासन की ओर से अब स्टॉक यार्ड में उपलब्ध बालू की वास्तविक मात्रा का ड्रोन के माध्यम से भौतिक सत्यापन और मापी कराई जाएगी। ड्रोन सर्वेक्षण तथा भौतिक सत्यापन से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि अवैध खनन, बालू के अवैध भंडारण एवं बिक्री तथा अन्य नियमों के उल्लंघन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।