किऊल जंक्शन पर आरपीएफ का शिकंजा, दिव्यांग कोच से 134 लीटर बीयर बरामद

  • Post By Admin on Aug 27 2026
किऊल जंक्शन पर आरपीएफ का शिकंजा, दिव्यांग कोच से 134 लीटर बीयर बरामद

लखीसराय : ऑपरेशन सतर्क के तहत किऊल जंक्शन पर आरपीएफ की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 134 लीटर बीयर के साथ एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल संख्या 319 बोतल बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 41,520 रुपए है। कार्रवाई उत्पाद विभाग, लखीसराय की टीम के सहयोग से की गई।

आरपीएफ किऊल के निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 22587 के दिव्यांग कोच में भारी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है। सूचना के बाद आरपीएफ ने टीम गठित कर स्टेशन अधीक्षक किऊल और दानापुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को जानकारी दी। ट्रेन का किऊल जंक्शन पर निर्धारित ठहराव नहीं होने के बावजूद करीब पांच मिनट रुकवाकर जांच की व्यवस्था की गई। ट्रेन के किऊल जंक्शन पहुंचने पर रात करीब 1:20 बजे दिव्यांग कोच की तलाशी ली गई। जांच के दौरान एक व्यक्ति को एक झोले, तीन बैग और एक छोटे बैग के साथ पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके सामान से अलग-अलग ब्रांड की बीयर बरामद हुई। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई और करीब 1:30 बजे शराब जब्त करते हुए व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सुजीत कुमार, पिता सतीश प्रसाद, निवासी नया टोला राघोपुर, थाना बख्तियारपुर, जिला पटना के रूप में हुई। उसके पास से 66 बोतल बुडवाइजर बीयर, 96 बोतल बेड मंकी बीयर, 72 बोतल गॉडफादर बीयर और 34 बोतल थंडर वर्ल्ड बीयर बरामद की गई। सभी बोतलें 500-500 मिलीलीटर की थीं। कुल 319 बोतलों में 134 लीटर बीयर पाई गई, जिसकी कीमत 41,520 रुपए आंकी गई है। मौके पर मौजूद यात्रियों से जब्ती की कार्रवाई में गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन उन्होंने कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मियों को गवाह बनाकर वीडियोग्राफी के बीच शराब की जब्ती सूची तैयार की गई। गिरफ्तार व्यक्ति की गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई।

आरपीएफ ने बरामद शराब, जब्ती से संबंधित दस्तावेज और लिखित शिकायत के साथ गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना, लखीसराय को सौंप दिया है। कार्रवाई करने वाली टीम में किऊल के निरीक्षक प्रशांत कुमार, सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह और आरक्षी भुवनेश्वर पाल शामिल रहे।