रेलवे और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई, किऊल जंक्शन पर 43.5 लीटर शराब जब्त
- Post By Admin on Sep 04 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल के किऊल जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा टीम और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ट्रेन के दिव्यांग कोच से शराब की बड़ी खेप बरामद की गई। ऑपरेशन सतर्क के तहत की गई इस कार्रवाई में बैग और झोले में रखी कुल 91 बोतल देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। बरामद शराब की कुल मात्रा 43.5 लीटर बताई गई है, जिसका कुल मूल्य करीब 12,800 रुपए है।
रेलवे के अनुसार, 4 सितंबर को किऊल के निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार को गाड़ी संख्या 15027 के दिव्यांग कोच में भारी मात्रा में शराब रखे होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के बाद किऊल की टीम के साथ लखीसराय उत्पाद विभाग की टीम भी कार्रवाई के लिए तैयार की गई। ट्रेन के किऊल जंक्शन पहुंचने पर निर्धारित समय करीब 2:50 बजे आगे की ओर स्थित दिव्यांग कोच को खुलवाकर जांच की गई।
जांच के दौरान कोच में एक बैग और एक झोला मिला, जिसमें शराब रखी हुई थी। टीम ने वहां मौजूद यात्रियों से सामान के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी शराब से भरे बैग या झोले पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया। इसके बाद वीडियोग्राफी कराते हुए शराब को ट्रेन से उतारा गया और करीब 3 बजे विधिवत जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई।बरामद सामान में 500 मिलीलीटर की 75 किंगफिशर बीयर, 500 मिलीलीटर की छह गोदफादर बीयर और 300 मिलीलीटर की 10 बोतल देशी रंगीन शराब शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार किंगफिशर और गोदफादर बीयर की प्रति बोतल कीमत 150 रुपए, जबकि देशी शराब की प्रत्येक बोतल की कीमत 65 रुपए बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान मौजूद यात्रियों से जब्ती सूची में गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन यात्रियों ने कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद रेलवे स्टाफ को गवाह बनाकर वीडियोग्राफी के बीच सभी 91 बोतलों की जब्ती सूची तैयार की गई। जब्त शराब, मौके पर तैयार किए गए दस्तावेज और लिखित शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना, लखीसराय को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई उत्पाद विभाग द्वारा की जा रही है तथा प्रगति रिपोर्ट के आधार पर आगे की सूचना दी जाएगी।