किऊल स्टेशन पर सघन टिकट जांच, 472 यात्रियों से वसूले गए 4.14 लाख रुपए
- Post By Admin on Jul 02 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अंतर्गत किऊल रेलवे स्टेशन पर बुधवार को सहायक वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर के नेतृत्व में विशेष टिकट जांच अभियान 'ऑपरेशन सहयोग' चलाया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में बेटिकट एवं अनाधिकृत यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस विशेष जांच अभियान में वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने कुल 472 बेटिकट एवं अनाधिकृत यात्रियों को पकड़ा। इन यात्रियों से कुल 4,14,675 रुपए का जुर्माना वसूला गया। अभियान में वाणिज्य विभाग के 33 टिकट जांच कर्मियों तथा आरपीएफ के 9 जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। पूरे अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर सघन जांच की गई और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के विशेष अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों में वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और कार्रवाई से बचा जा सके।