कनाडा में भारतीय छात्र हर्षनदीप सिंह की गोली मारकर हत्या

  • Post By Admin on Dec 09 2024
कनाडा में भारतीय छात्र हर्षनदीप सिंह की गोली मारकर हत्या

एडमोंटन : कनाडा के एडमोंटन शहर में बीते 6 दिसंबर को 20 वर्षीय भारतीय छात्र हर्षनदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पंजाब के रहने वाले हर्षनदीप पढ़ाई के साथ-साथ सिक्योरिटी गार्ड के रूप में भी काम करते थे। उनका यह दर्दनाक मर्डर सीसीटीवी में कैद हो गया। जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि हर्षनदीप सीढ़ियों से भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन एक गोली लगने के बाद वह वहीं गिर जाते हैं और उनके शरीर में कोई हरकत नहीं दिखती।

सीसीटीवी में कैद हुई दर्दनाक घटना
सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देते हैं। जिनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। महिला हर्षनदीप को पकड़ने की कोशिश करती है और जब वह भागने की कोशिश करते हैं, तो एक पुरुष पीछे से आता है और उन पर गोली चला देता है। गोली लगने के बाद हर्षनदीप सिंह सीढ़ियों पर गिर जाते हैं और वहां की स्थिति स्थिर दिखती है। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं।

पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
एडमोंटन पुलिस को घटना के बारे में शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और सीढ़ियों पर हर्षनदीप सिंह को बेहोश पाया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस हत्या के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उन पर फर्स्ट डिग्री हत्या का मामला दर्ज किया है। फर्स्ट डिग्री मर्डर कनाडा में एक गंभीर अपराध है। जिसमें अगर आरोप सिद्ध होते हैं तो दोषियों को मृत्यु दंड या बिना पेरोल के आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।

कनाडा में भारतीय छात्रों पर बढ़ते हमले
यह घटना कनाडा में भारतीय छात्रों पर हो रहे हमलों की बढ़ती संख्या का हिस्सा है। इससे पहले 1 दिसंबर को ओंटारियो में लैम्बटन कॉलेज के 22 वर्षीय बिजनेस मैनेजमेंट के छात्र गुरसिस सिंह की उसके साथी ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। कनाडा में भारतीय छात्रों पर हमलों का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे भारतीय समुदाय में चिंता का माहौल है।

कनाडा में हत्या की श्रेणियां
कनाडा में हत्या के मामले को तीन श्रेणियों में बांटा जाता है। 

फर्स्ट डिग्री मर्डर : इसमें नियोजित हत्या या एक से अधिक लोगों की हत्या करने पर यह श्रेणी लगाई जाती है। इसमें मृत्यु दंड या बिना पेरोल के आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।

सेकेंड डिग्री मर्डर : यह हत्या लूट या डकैती के दौरान की जाती है। जिसमें उम्रकैद की सजा मिलती है।

थर्ड डिग्री मर्डर : असावधानी या लापरवाही से हुई हत्या के मामलों में थर्ड डिग्री मर्डर श्रेणी लगती है।

कनाडा में भारतीय छात्रों के खिलाफ हिंसा और हत्या की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। जिससे विदेशी छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब भारतीय समुदाय और विदेश में पढ़ाई कर रहे छात्रों के बीच सुरक्षा की चिंता और भी गहरी हो गई है।