घर बना कब्रगाह, पत्नी की हत्या कर शव दफनाने वाला पति गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jul 10 2026
घर बना कब्रगाह, पत्नी की हत्या कर शव दफनाने वाला पति गिरफ्तार

लखीसराय : लखीसराय जिले के सूरजगढ़ा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर शव को घर के भीतर दफनाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त औजार भी बरामद कर लिया है और मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सूरजगढ़ा थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के वार्ड संख्या-7 में एक महिला की हत्या कर उसके शव को घर के मवेशी बांधने वाले कमरे में दफना देने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी हटवाकर शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान करीब 45 वर्षीय सहोदरी देवी के रूप में हुई। घटनास्थल से ही मृतका के पति नागेश्वर बिंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया।

साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच की, जबकि फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के माध्यम से भी महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वर्ष 2007 में विवाह के बाद दंपति की कोई संतान नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हुए विवाद के दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से गला रेतकर पत्नी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को घर के भीतर दफना दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सूरजगढ़ा थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।