ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत जीआरपी की कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jun 03 2026
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत जीआरपी की कार्रवाई, चोरी के मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार

लखीसराय : रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत जीआरपी किऊल को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को प्रधान आरक्षी नदीम अहमद खान, पीटीसी मनोहर साह तथा गुप्तेश्वर प्रसाद गौंड स्टेशन क्षेत्र में यात्रियों के सामान की चोरी की रोकथाम के उद्देश्य से गश्ती एवं जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, लेकिन वह अपने संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। जांच के दौरान वह कोई यात्रा टिकट भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने उक्त मोबाइल किसी यात्री से चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान देवदास मलिक (20), पिता शिवा मलिक, निवासी फुलिया कांटाडीह, थाना अरसा, जिला पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपए बताई गई है। इस संबंध में पीटीसी मनोहर साह के लिखित आवेदन के आधार पर जीआरपी किऊल थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रेल पुलिस ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशन और ट्रेनों में नियमित रूप से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।