तुबेद कोल माइन से कोयला ट्रांसपोर्ट कर रहे हाईवा पर अपराधियों ने की फायरिंग, चालक घायल

  • Post By Admin on Nov 25 2024
तुबेद कोल माइन से कोयला ट्रांसपोर्ट कर रहे हाईवा पर अपराधियों ने की फायरिंग, चालक घायल

लातेहार : झारखंड के लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह एक हाईवा पर अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग से हड़कंप मच गया। घटना तुबेद कोल माइन से कोयला ट्रांसपोर्ट कर रहे हाईवा के साथ हुई। जब वह जानी गांव के पास पुल के नजदीक से गुजर रहा था।

अपराधियों ने अचानक हाईवा पर गोलीबारी शुरू कर दी। जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और हाईवा पलट गया। इस हादसे में चालक बालूमाथ निवासी विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) रेफर कर दिया गया।

घटनास्थल से पुलिस ने 7 से 8 खोखे बरामद किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हेरहंज पुलिस ने तुरंत इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की और घटना की गंभीरता को देखते हुए छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों की पहचान करने के लिए प्रयासरत हैं। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।