शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर शिकंजा, सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई

  • Post By Admin on Jun 05 2026
शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर शिकंजा, सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई

लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय की टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर शराब कारोबारियों और शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान चुलाई शराब और जावा महुआ घोल बरामद किया गया, जबकि कुल सात लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

मद्य निषेध विभाग द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार हलसी थाना क्षेत्र के कनैसी गांव में उपेन्द्र मांझी को अवैध शराब बेचने के आरोप में पकड़ा गया। उसके पास से तीन लीटर चुलाई शराब तथा 10 किलोग्राम जावा महुआ घोल बरामद किया गया। वहीं लखीसराय थाना क्षेत्र के बिलौरी गांव में शीशम देवी को तीन लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी गांव में शराब सेवन के आरोप में परमानंद कुमार और संधांशु कुमार के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा बड़हिया थाना क्षेत्र के गोलभट्ठा में मनटन कुमार और दिनानाथ महतो को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया। वहीं बिरूपुर थाना क्षेत्र के कमरपुर गांव में सुरेश महतो के विरुद्ध भी शराब पीने के मामले में कार्रवाई की गई।

मद्य निषेध विभाग ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने लोगों से शराब के अवैध कारोबार और सेवन से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की है।